Khelo India News – नई दिल्ली: वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2026 के पहले दिन भारतीय एथलीटों ने शानदार शुरुआत की। भारत ने ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में न केवल कई स्वर्ण पदक जीते, बल्कि कई स्पर्धाओं में तो पोडियम के तीनों पायदानों (गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज) पर कब्जा जमाया।
वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2026
प्रमुख स्पर्धाओं के परिणाम:
- पुरुषों की ऊंची कूद (T42/T44): T42 वर्ग में शैलेश कुमार ने 1.84 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं T44 वर्ग में प्रवीण कुमार ने 1.96 मीटर की जंप के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इन दोनों स्पर्धाओं में भारत ने क्लीन स्वीप किया।
- महिलाओं की 100 मीटर (T35/T37): भारत की प्रीति पाल ने 14.46 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया।
- डिस्कस थ्रो (F11/F12/F37/F44/F64): चक्का फेंक स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। मोनू (F11/F12), हनी (F37) और राकेश कुमार (F44/F64) ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए।
- 1500 मीटर दौड़: पुरुषों और महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में भारत ने अपना वर्चस्व कायम रखा। महिलाओं के T11/T12 वर्ग में सौम्या ने गोल्ड जीता, जबकि पुरुषों के T11 वर्ग में अंकुर धामा और T37/T46 वर्ग में रमन शर्मा ने स्वर्ण पदक जीते।
- शॉट पुट (F56): महिलाओं के शॉट पुट में भारत की पूनम ने 6.85 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता।
वैश्विक स्तर पर भारत की धाक
इस वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2026 के दूसरे संस्करण में भारत सहित 8 देशों (रूस, नेपाल, भूटान, हांगकांग, सर्बिया, बोस्निया और मिस्र) के लगभग 257 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने सबसे बड़ा दल (219 खिलाड़ी) उतारा है, जो देश में पैरा एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर को दर्शाता है।
















