जयपुर में होगा “हर घर हॉकी” टैलेंट सर्च अभियान – मंजू शर्मा सासंद जयपुर शहर, माननीय खेल राज्य मंत्री के के विश्नोई और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी होंगे अतिथि।
एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा खेलों के उत्थान और नई प्रतिभाओं की खोज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “हर घर हॉकी – नि:शुल्क हॉकी एवं टैलेंट सर्च अभियान” का भव्य आयोजन शुक्रवार, 29 अगस्त 2025 को किया जाएगा। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक सूरज मैदान, राजापार्क, जयपुर में संपन्न होगा।
इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मंजू शर्मा सासंद जयपुर शहर, श्री के.के. विश्नोई खेल राज्य मंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशुतोष पंत ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल से जोड़ना, उन्हें नि:शुल्क हॉकी उपलब्ध कराना और उभरती हुई प्रतिभाओं को सॉफ्ट हॉकी में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करना है। उन्होंने इसे “हॉकी को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प” बताया।
फेडरेशन के महासचिव रमेश सिंह ने जानकारी दी कि आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को नि:शुल्क हॉकी स्टिक वितरित की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस अभियान को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में गहरा उत्साह देखा जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में हॉकी को नई ऊँचाई देने में मील का पत्थर साबित होगी।