इंडियन सॉफ्ट हॉकी लीग की चेयरमैन और ऐमेच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की वाइस चेयरमैन, डॉ. सुनेना प्रकाश को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की सलाहकार समिति में नामित किया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा, श्रीमती विजया रहाटकर ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
डॉ. प्रकाश, खेल और कानून के क्षेत्र में एक जानी-मानी हस्ती हैं। वह सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और पहले भारतीय ओलंपिक संघ की कानूनी समिति की चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं। वर्तमान में, वह इंडियन सॉफ्ट हॉकी लीग की चेयरमैन और अमेच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की वाइस चेयरमैन के रूप में कार्यरत हैं। महिला शिक्षा, न्याय और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके अहम योगदान को देखते हुए उन्हें इस समिति का हिस्सा बनाया गया है।
इस सलाहकार समिति में उनके साथ देश भर से कई प्रसिद्ध हस्तियों को भी शामिल किया गया है, जैसे पद्मभूषण विजेता पी.वी. सिंधु, आईआईटी मद्रास के निदेशक डॉ. वी. कमकोटी, आईआईएम बोधगया की निदेशक डॉ. विनीता सहाय, सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता पिंकी आनंद और फिक्की के अध्यक्ष हर्ष वर्धन अग्रवाल।
मुंबई में हुई एक बैठक में, आयोग की अध्यक्षा ने सभी नए सदस्यों से बातचीत की और आयोग की अब तक की उपलब्धियों के साथ-साथ अगले 10 सालों की योजना भी साझा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से आए ये सदस्य अपने अनुभव और सोच से आयोग को और मजबूत बनाने में मदद करेंगे।
डॉ. सुनेना प्रकाश की नियुक्ति से यह उम्मीद है कि राष्ट्रीय महिला आयोग को खेल और न्याय के क्षेत्र से एक मजबूत और प्रभावी प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे देश की महिलाओं की आवाज और सशक्त होगी।










